राज्यस्तर पर मेडल विजेता खिलाड़ियों से मिले पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा

खरगोन 17 फरवरी 2026। खेल एवं युवा कल्याण गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर गौरव बढ़ाया है। खेलो एमपी यूथ गेम्स के राज्य स्तरीय मुकाबलों में जिले के प्रतिभाशाली बच्चों ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों से पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र वर्मा ने मंगलवार को सौजन्य भेंट की। उन्होंने बच्चों को मेडल जीतने पर शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के माता-पिता भी उपस्थित रहे। अभिभावकों ने बच्चों को मिल रहे प्रोत्साहन पर प्रसन्नता व्यक्त की और प्रशासन व खेल विभाग के सहयोग के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी पवी दुबे भी मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाएँ सामने आ रही हैं। अंत में पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा द्वारा सभी मेडल विजेता खिलाड़ियों को पुनः बधाई दी गई तथा उन्हें निरंतर अभ्यास और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी गई।


