भोपाल में संपन्न हुआ द्वितीय मिक्स एज बैडमिंटन टूर्नामेंट, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

भोपाल। आरके स्पोर्ट्स वर्ल्ड एवं मिनाल स्पोर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित द्वितीय मिक्स एज बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का सफल समापन 7 जुलाई को हुआ। यह प्रतियोगिता 4 से 7 जुलाई तक आयोजित की गई, जिसमें भोपाल के बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री अरुणेश्वर सिंहदेव जी रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में दीप सिंह, मनोज गुप्ता, राजेश शर्मा, संदीप नामदेव तथा आरके स्पोर्ट्स क्लब की डायरेक्टर दीप्ति किरार भी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में कुल ₹1,00,000 की पुरस्कार राशि रखी गई थी।
इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें खिलाड़ियों की संयुक्त आयु (Combined Age) के आधार पर प्रतियोगिता की श्रेणियां बनाई गईं। साथ ही भोपाल में पहली बार फादर एंड सन तथा फादर एंड डॉटर जैसी विशेष श्रेणियों का आयोजन किया गया, जिन्हें खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से शानदार प्रतिसाद मिला।
प्रतियोगिता में 60+, 70+, 80+, 90+, 100+, 110+, 120+, मिक्स्ड डबल्स, फादर एंड सन एवं फादर एंड डॉटर श्रेणियों में मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
– मेन्स डबल्स 60+ : आशीष प्रधान एवं बिजेंद्र निकुम ने हेमंत गीते एवं शिवांश गुर्जर को 17-15, 15-17, 15-13 से हराकर खिताब जीता।
– 70+ : राजेंद्र यादव एवं रवि राय ने संदीप नियोगी एवं बिजेंद्र निकुम को 16-14, 12-15, 15-13 से पराजित किया।
– 80+ : राजेंद्र यादव एवं रविंद्र चावला ने रवि राय एवं सुधीर खरे को 15-10, 15-9 से हराया।
– 90+ : रविंद्र चावला एवं मनीष निहारे ने राजेंद्र यादव एवं धीरेंद्र देसाई को हराकर खिताब अपने नाम किया।
– 100+ : डॉ. शैलेंद्र बागरे एवं रविंद्र चावला ने डॉ. राजेश सक्सेना एवं राजेश गुप्ता को 15-12, 15-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
– 110+ : राजीव सक्सेना एवं राजेश गुप्ता ने नरेश कुमार बागरे एवं मुकेश सिंह को पराजित किया।
– 120+ : डॉ. शैलेंद्र बागरे एवं विवेक तत्त्वावादी ने मनोज गुप्ता एवं दीप सिंह की जोड़ी को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
– मिक्स्ड डबल्स : सुधीर खरे एवं श्वेता अग्रवाल ने रितिका रेंडवो एवं रजनीश मारन को हराकर खिताब जीता।
– फादर एंड सन : सुधीर थापा एवं विराट थापा ने रियांस बगजाई एवं सूरज बगजाई को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
– फादर एंड डॉटर : भूमि सिंह एवं जय प्रताप सिंह परिहार ने दिव्यानी श्रीवास्तव एवं राजीव श्रीवास्तव को 15-6, 8-15, 15-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रविंद्र चावला एवं डॉ. शैलेंद्र कुमार बागरे ने तीन-तीन ट्रॉफियां जीतकर अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिचय दिया, जबकि रवि राय ने दो ट्रॉफियां अपने नाम कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के आयोजक श्री रूपेश किरार एवं आशीष अर्गल ने बताया कि यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसमें भोपाल के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों, प्रायोजकों, निर्णायकों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजित करने की बात कही।



