सीबीएसई क्लस्टर-12 खो-खो बालिका चैंपियनशिप : सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल उपविजेता

भोपाल। प्रिंस कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, सुल्तानपुर में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-12 बालिका खो-खो चैंपियनशिप-2026 में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ईदगाह हिल्स, भोपाल की बालिका टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (रनर-अप) बनने का गौरव हासिल किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह सीबीएसई राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शारीरिक शिक्षा शिक्षक रवदीप सिंह मल्हारी, मध्यप्रदेश खो-खो एसोसिएशन के सचिव राजेश त्रिपाठी, प्रिंस कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के संचालक विनोद गर्ग, प्राचार्य प्रमिला नायर, सीबीएसई ऑब्जर्वर सुनील सिंह, टेक्निकल डेलीगेट अनिल लोखंडे तथा आयोजन सचिव राहुल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट की टीम ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रिंस कॉन्वेंट स्कूल, सुल्तानपुर, किड्स कॉलेज, इंदौर तथा सिक्का स्कूल, इंदौर को एकतरफा मुकाबलों में पराजित किया। इसके बाद सेमीफाइनल में सेंट रैफेल्स स्कूल, इंदौर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सेंट जोसेफ की खिलाड़ियों ने अंतिम क्षण तक अदम्य साहस, अनुशासन और संघर्ष का परिचय दिया, लेकिन कांटे की टक्कर में टीम मात्र एक अंक से विजेता बनने से चूक गई और उपविजेता रही।

टीम की कप्तान सौम्या नाहर ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘सर्वश्रेष्ठ अटैकर (Best Attacker)’ का पुरस्कार अपने नाम किया।
इस उपलब्धि में मुख्य प्रशिक्षक विष्णु कांत सहाय एवं टीम प्रबंधक सुश्री अनुष्का का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम में सौम्या नाहर (कप्तान), विरती नाहर जैन, सृष्टि श्रीवास्तव, योगेश्वरी दांगी, वैदेही वर्मा, राशि खुबचंदानी, वार्तिका खंडेलवाल, आर्या जैन, ओस तिवारी, मान्या शर्मा, रुमैसा अहमद तथा हुमैरा फ़ातिमा ख़ान शामिल रहीं।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर लिली, उप-प्राचार्या सिस्टर स्टेनिया, खेल विभाग के रवदीप सिंह मल्हारी, जितेन्द्र शुक्ला, भूमिका सिंह, अमनदीप कौर, कीर्ति गोस्वामी, श्रद्धा पाटिल एवं समर्थ भदौरिया सहित समस्त विद्यालय परिवार ने टीम को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
*************************************



