Homeमध्यप्रदेश खेलएथलीटों ने जीते 12 से अधिक स्वर्ण-रजत पदक, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के...

एथलीटों ने जीते 12 से अधिक स्वर्ण-रजत पदक, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

संभागीय शालेय एथलेटिक्स में आर्मी पब्लिक स्कूल भोपाल का शानदार प्रदर्शन
एथलीटों ने जीते 12 से अधिक स्वर्ण-रजत पदक, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

भोपाल। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा तात्या टोपे स्टेडियम, भोपाल में 11 एवं 12 सितंबर 2026 को आयोजित संभाग स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 में आर्मी पब्लिक स्कूल भोपाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कई खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन 11 सितंबर को अंडर-14 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अमन प्रताप ने स्वर्ण तथा प्रीतम ने रजत पदक जीता। बालिका वर्ग में एलिशबा ने स्वर्ण और वंशिका ने रजत पदक हासिल किया। 80 मीटर हर्डल में बालक वर्ग में प्रीतम तथा बालिका वर्ग में एलिशबा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-14 बालिका शॉटपुट में आराध्या ने 8.12 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन 12 सितंबर को 200 मीटर दौड़ के अंडर-14 बालक वर्ग में आदित्य तथा बालिका वर्ग में वंशिका ने स्वर्ण पदक जीते। लॉन्ग जंप में प्रियांशु कुमार ने स्वर्ण तथा अमन प्रताप ने रजत पदक हासिल किया। 4×100 मीटर रिले के बालक वर्ग में प्रीतम कुमार, अमन प्रताप एवं आदित्य ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि बालिका वर्ग में एलिशबा, वंशिका एवं अग्रिम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

स्कूल के शारीरिक शिक्षा शिक्षक विवेक गौर ने बताया कि सभी खिलाड़ी नियमित रूप से उनके मार्गदर्शन में अपने-अपने इवेंट की तैयारी कर रहे हैं। ये खिलाड़ी अब भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि अगले माह होने वाली सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी आर्मी पब्लिक स्कूल भोपाल की अंडर-14 बालक एवं बालिका टीम हिस्सा लेगी। टीम का लक्ष्य अंडर-14 वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाना है। इसके लिए खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

विद्यालय की प्राचार्य प्रियंका त्रिवेदी ने खिलाड़ियों एवं कोच को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा खिलाड़ियों और खेल शिक्षकों को आवश्यक सुविधाएं एवं हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि इसी मेहनत और मार्गदर्शन के बल पर आर्मी पब्लिक स्कूल भोपाल के खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय एवं सीबीएसई प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

Must Read

spot_img