भोपाल के कमल चावला ने एशियन इंडोर गेम्स 2026 के लिए किया क्वालीफाई

9-रेड स्नूकर विश्व चैंपियन कमल चावला तीसरी बार करेंगे एशियन इंडोर गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व
भोपाल। भोपाल के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त क्यू-स्पोर्ट्स खिलाड़ी और 6-रेड स्नूकर विश्व चैंपियन कमल चावला ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए रियाद, सऊदी अरब में आयोजित होने वाले 6वें एशियन इंडोर गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। कमल चावला इन प्रतिष्ठित एशियन इंडोर गेम्स में तीसरी बार भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बैंगलुरु में आयोजित चयन एवं क्वालीफाइंग कैंप में कमल चावला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और 9-बॉल पूल क्यू-स्पोर्ट्स स्पर्धा के लिए एशियन इंडोर गेम्स में भारत की ओर से भाग लेने की पात्रता अर्जित की।
कमल चावला इससे पहले 2013 और 2017 में आयोजित एशियन इंडोर गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2021 में कोविड-19 महामारी के कारण इन खेलों को स्थगित कर दिया गया था, जिसके बाद अब इसका आयोजन 2026 में रियाद, सऊदी अरब में किया जा रहा है।
कमल चावला ने वर्ष 2013 में दक्षिण कोरिया में आयोजित तीसरे एशियन इंडोर गेम्स में टीम स्नूकर स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीता था। उनके इस प्रदर्शन ने भारतीय क्यू-स्पोर्ट्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।
एशियन इंडोर गेम्स एशिया के प्रमुख बहु-खेल आयोजनों में शामिल हैं और इनका आयोजन ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) द्वारा किया जाता है। OCA ही एशियन गेम्स का भी आयोजन करता है। एशियन गेम्स में खेलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंडोर एवं मार्शल आर्ट्स सहित विभिन्न खेलों को एक अलग मंच प्रदान करने के उद्देश्य से एशियन इंडोर गेम्स की शुरुआत की गई थी।
कमल चावला वर्तमान में भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं और अपनी खेल उपलब्धियों के साथ-साथ देश एवं भोपाल का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।
कमल चावला के एशियन इंडोर गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई करने पर खेल जगत, क्यू-स्पोर्ट्स प्रेमियों और भोपाल के खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई एवं आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
PLEASE SUPPORT TO SPORTS EDGE BY ANY SMALL TOCKEN OF AMOUNT



