टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की मान्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित

नई दिल्ली, 20 अगस्त 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) की राष्ट्रीय खेल महासंघ (National Sports Federation) के रूप में प्राप्त मान्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मंत्रालय ने यह आदेश 12 अगस्त 2026 को जारी किया है।
मंत्रालय के अनुसार, टीटीएफआई में लंबे समय से सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही, लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली तथा खिलाड़ियों के हितों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दे सामने आए थे। इन शिकायतों के आधार पर 30 जून 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका उत्तर 7 जुलाई 2026 को प्राप्त हुआ, किंतु मंत्रालय ने उसे संतोषजनक नहीं माना।
आदेश में कहा गया है कि महासंघ द्वारा सरकारी निर्देशों का बार-बार उल्लंघन, प्रशासनिक कमियां, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी तथा प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र का अभाव राष्ट्रीय खेल विकास संहिता, 2011 की भावना के विपरीत है।
निलंबन के प्रभाव
टीटीएफआई को राष्ट्रीय खेल महासंघ के रूप में प्राप्त सभी अधिकार तत्काल समाप्त होंगे।
निलंबन अवधि में महासंघ किसी भी प्रकार की सरकारी वित्तीय सहायता, आधिकारिक संरक्षण या मान्यता आधारित लाभ का पात्र नहीं होगा।
खिलाड़ियों के हितों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत की निरंतर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय ने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) से अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (ITTF) के परामर्श से एड-हॉक समिति गठित करने का अनुरोध किया है।
खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय खिलाड़ियों के हितों की रक्षा तथा टेबल टेनिस के प्रशासन में पारदर्शी एवं नियमसम्मत व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से लिया गया है।
SUSPENSION ORDER-TTFI.pdf
………………………………………………………………



