Homeमध्यप्रदेश खेल22वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 संपन्न

22वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 संपन्न

22वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 संपन्न

सिंगरौली। जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को नई दिशा एवं पहचान देने वाली 22वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन 18 अप्रैल 2026 को उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 अप्रैल 2026 को हुआ था, जिसमें जिले भर से 650 से अधिक खिलाड़ियों ने सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20, अंडर-23, पुरुष एवं महिला वर्गों में किया गया। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने जोश, समर्पण, संघर्षशीलता एवं खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह, प्रतिस्पर्धा और दर्शकों के रोमांच ने आयोजन को यादगार बना दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक देवसर श्री राजेंद्र मेश्राम एवं विशिष्ट अतिथि नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सफलता की राह प्रशस्त करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में डी पॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डीपीएस निगाही टीम उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु सिंथेटिक ट्रैक एवं आधुनिक स्टेडियम निर्माण के लिए हर संभव सहयोग एवं सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिले की प्रतिभाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है, जिससे खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विशेष रूप से एनटीपीसी सीएसआर, Northern Coalfields Limited, तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन की सफलता पर आयोजकों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, खिलाड़ियों का सहयोग सराहनीय रहा।

Must Read

spot_img