मध्य प्रदेश के अद्वैत पागे ने सीनियर नेशनल तैराकी चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

भोपाल, 19 जून। मध्य प्रदेश के उभरते हुए तैराक आई. एम. अद्वैत पागे ने अहमदाबाद में आयोजित सीनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अद्वैत ने देशभर के शीर्ष तैराकों के बीच कड़े मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में उनकी तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश के खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों तथा खेल अधिकारियों ने अद्वैत को बधाई दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता न केवल अद्वैत के अथक परिश्रम का परिणाम है, बल्कि मध्य प्रदेश में तैराकी खेल के बढ़ते स्तर का भी प्रमाण है।
अद्वैत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, परिवार और सहयोगी स्टाफ को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य आने वाली राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और प्रदेश का नाम और ऊँचा करना है।
मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पियूष शर्मा, सचिव जय वर्मा कोषाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राठौर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अद्वैत जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी युवा तैराकों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश में तैराकी खेल को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगी।
अहमदाबाद में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के श्रेष्ठ तैराक भाग ले रहे हैं, जिसमें अद्वैत पागे का रजत पदक जीतना मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।



