सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल ने मनाया 70वाँ स्थापना दिवस, विरासत और आस्था के सात दशक हुए पूर्ण

भोपाल। इदगाह हिल्स स्थित सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल ने गुरुवार को अपना 70वाँ स्थापना दिवस अत्यंत श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया। “70 Years of Legacy, Foundation of Faith” थीम पर आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में विद्यालय की सात दशक लंबी गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए संस्थापक सिस्टर्स के समर्पण, संघर्ष और दूरदर्शिता को नमन किया गया। कार्यक्रम में कॉन्ग्रेगेशन की सिस्टर्स, विद्यालय प्रबंधन, पूर्व छात्र-छात्राएँ (एलुमनाई), शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

समारोह की मुख्य अतिथि पचमढ़ी प्रोविंस की प्रोविंशियल सुपीरियर रेव. सिस्टर अंजना थीं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक रेव. सिस्टर फ्रांसिस जोसेफ, प्राचार्या डॉ. सिस्टर लिली, प्राथमिक विभाग की प्रधानाध्यापिका सिस्टर स्टेनिया, केजी विभाग की प्रधानाध्यापिका सिस्टर बिमला, प्रेम सेवा केंद्र की प्रभारी सिस्टर हेलेना, एसीईएस (एलुमनाई एसोसिएशन) की अध्यक्ष श्रीमती रीटा लालवानी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि एवं एलुमनाई सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय के बैंड ने जनरल सलामी एवं मधुर धुनों के साथ अतिथियों का स्वागत किया, जबकि एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें समारोह स्थल तक सम्मानपूर्वक एस्कॉर्ट किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सर्वधर्म प्रार्थना से हुआ। प्राचार्या डॉ. सिस्टर लिली ने बीते 70 वर्षों में ईश्वर के आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रार्थना सभा का समापन भक्तिमय गीत “ईश वचन से तेरे ओ पालनहारे मेरे” पर आकर्षक प्रार्थना नृत्य के साथ हुआ।

प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने “झूमर जा” गीत पर मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार एवं एलुमनाई की ओर से विशिष्ट अतिथियों का पौधों एवं पुष्पगुच्छों से अभिनंदन किया गया। विद्यालय के कोयर समूह ने स्थापना दिवस का विशेष थीम गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
अपने प्रेरक संबोधन में रेव. सिस्टर अंजना ने विद्यालय की प्रगति में योगदान देने वाले सभी पूर्व प्राचार्यों, धर्मबहनों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “विद्यार्थी राष्ट्र की आशा और भविष्य हैं। विद्यालय के मूल्यों को जीवन में अपनाकर समाज और देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।”
समारोह के दौरान विद्यालय के एसजेसी पॉडकास्ट का शुभारंभ किया गया। इसके प्रथम एपिसोड में विद्यालय की प्रधानमंत्री सौम्या गुप्ता ने विद्यालय की प्रबंधक रेव. सिस्टर फ्रांसिस जोसेफ से प्रेरणादायी संवाद किया। साथ ही, मुख्य अतिथि रेव. सिस्टर अंजना ने विद्यालय की रोबोटिक्स लैब में स्थापित अत्याधुनिक 3-डी प्रिंटर का लोकार्पण कर नवाचार और तकनीकी शिक्षा की दिशा में एक नई उपलब्धि का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का भव्य समापन विद्यालय की 70 वर्षों की यात्रा पर आधारित कथावाचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं मल्टीमीडिया प्रस्तुति के साथ हुआ। विद्यालय के बैंड ने “हिंदुस्तान” एवं “भगवान मेरा जीवन” की मधुर धुनों से समारोह को यादगार बना दिया। अंत में विद्यालय की प्रधानमंत्री सौम्या गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सात दशकों की समृद्ध विरासत के साथ सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल आज भी उत्कृष्ट शिक्षा, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सेवा और नवाचार के माध्यम से भविष्य के जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण के अपने संकल्प पर निरंतर अग्रसर है।



