13वीं राष्ट्रीय आइसस्टॉक खेल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश को दिलाए 1 स्वर्ण एवं 6 रजत सहित कुल 7 पदक

भोपाल। 13वीं राष्ट्रीय आइसस्टॉक खेल प्रतियोगिता का आयोजन 22 मई से 24 मई 2026 तक हिमाद्री आइस रिंक, देहरादून (उत्तराखंड) में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण एवं 6 रजत पदक सहित कुल 7 पदक अपने नाम किए। मध्यप्रदेश टीम की प्रशिक्षक शबाना खान (बैतूल) रहीं।
टीम इवेंट में भोपाल के इज्राउल अली, कृष ठाकुर एवं गर्विता साहू तथा बैतूल की अनायजा खान ने रजत पदक प्राप्त किया।
इंडीविजुअल टार्गेट इवेंट पुरुष वर्ग में भोपाल के इज्राउल अली ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। इंडीविजुअल टार्गेट इवेंट महिला वर्ग में बैतूल की अनायजा खान ने रजत पदक हासिल किया। इंडीविजुअल लॉन्ग डिस्टेंस इवेंट में भोपाल की गर्विता साहू ने रजत पदक प्राप्त किया।
सीनियर महिला वर्ग में सारनी-बैतूल की नेहा मालवीय ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
डॉ. अनुपम चौकसे, अध्यक्ष आइस स्टॉक मध्यप्रदेश एवं कुलाधिपति जेएनसीटी प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइस स्टॉक मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी पहचान है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है तथा आने वाले समय में मध्यप्रदेश आइस स्टॉक खेल में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
सभी विजेता खिलाड़ियों को डॉ. अनुपम चौकसे अध्यक्ष आइस स्टॉक मप्र एवं कुलाधिपति जेएनसीटी प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, अबरार अहमद शेख डायरेक्टर आइस स्टॉक मप्र, पंकज कुमार जैन सचिव आइस स्टॉक मप्र एवं स्पोर्ट्स डायरेक्टर एलएनसीटी ने शुभकामनाएं दी।



